गर्मी के बावजूद माता के जयकारों से गूंजा कटड़ा, शाम होते ही बढ़ी श्रद्धालुओं की रौनक

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में मौसम का असर यात्रा पर साफ नजर आ रहा है। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय मां वैष्णो देवी भवन मार्ग पर श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन शाम ढलते ही जय माता दी के जयकारों के साथ हजारों श्रद्धालु यात्रा पर निकल पड़े।श्राइन बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार शाम पांच बजे तक करीब 26 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। वहीं, बीते दिन करीब 37,500 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए।गर्मी को देखते हुए श्रद्धालु अब अधिकतर शाम, रात और तड़के सुहावने मौसम में यात्रा करना पसंद कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और प्रशासन द्वारा पेयजल, हेलिकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा-पिट्ठू और पालकी जैसी सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई गई हैं।यात्रा मार्ग पर पुलिस, सीआरपीएफ, आपदा प्रबंधन दल और श्राइन बोर्ड के कर्मचारी लगातार तैनात रहकर श्रद्धालुओं की मदद कर रहे हैं।