“AC फेल हो सकता है, पर वैष्णो देवी की आस्था नहीं!”

कटड़ा। भीषण गर्मी के बावजूद मां वैष्णो देवी के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। रविवार को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब धर्मनगरी कटड़ा में उमड़ पड़ा। शाम 5 बजे तक करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर माता रानी के पावन भवन की ओर प्रस्थान किया।सुबह से ही पंजीकरण काउंटरों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के साथ पूरे जोश और श्रद्धा के साथ भवन मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए। तेज धूप और उमस के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा और यात्रा मार्ग पर आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं सुचारू रहीं। प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। साफ मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे और केबल कार सेवा भी उपलब्ध रही, जिससे यात्रियों को काफी सहूलियत मिली।कुल मिलाकर रविवार को कटड़ा में माता रानी के दरबार तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने यह संदेश दिया कि आस्था के आगे गर्मी भी हार गई।