जम्मू रेल मंडल का हरित अभियान: पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यशाला, जागरूकता कार्यक्रम और पेपरलेस यात्रा को बढ़ावा

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू रेलवे मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए 15 मई से 5 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ डिजिटल सेवाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 18 मई को जम्मू मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, अपशिष्ट प्रबंधन (कचरा प्रबंधन) और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यशाला में रेलवे के पर्यावरण विशेषज्ञों ने दैनिक रेल संचालन में कार्बन उत्सर्जन कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यशाला में आधुनिक कचरा निपटान प्रणाली, सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण बहिष्कार तथा ऊर्जा संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया, ताकि रेलवे परिसर को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सके।

डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा, यात्रियों को दी गई जानकारी

पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ डिजिटलीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जम्मू मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा यात्रियों को RailOne ऐप, UTS ऐप, IRCTC तथा अन्य स्वीकृत डिजिटल माध्यमों से ऑनलाइन टिकट बुकिंग करने के लिए प्रेरित किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इससे टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों में कमी आएगी और कागज के टिकटों का उपयोग भी घटेगा। यात्रियों को अब यात्रा के दौरान टिकट का प्रिंटआउट साथ रखने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि स्मार्टफोन में उपलब्ध डिजिटल टिकट, क्यूआर कोड अथवा आधिकारिक एसएमएस जांच के समय पूरी तरह मान्य होंगे। जम्मू मंडल का लक्ष्य निकट भविष्य में शत-प्रतिशत डिजिटल व्यवस्था लागू करना है।

एमएसपी और क्यूएसपी प्रणाली का पूर्ण डिजिटलीकरण

पर्यावरण हित में एक बड़ा कदम उठाते हुए जम्मू रेल मंडल ने एमएसपी (प्रबंधन एवं सेवा प्रोक्योरमेंट) तथा क्यूएसपी (गुणवत्ता प्रणाली प्रक्रिया) का पूर्ण डिजिटलीकरण कर दिया है। इससे रेलवे की कार्यप्रणाली अधिक तेज, पारदर्शी और सुरक्षित होगी तथा कागज का उपयोग नगण्य हो जाएगा।रेलवे प्रशासन ने कहा कि यह ?हरित एवं स्वच्छ रेल? अभियान, केंद्र सरकार के मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) के अनुरूप है। यह अभियान जलवायु परिवर्तन से निपटने, कार्बन उत्सर्जन कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।जम्मू मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस हरित आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएं और प्रत्येक यात्रा को पर्यावरण-अनुकूल बनाने में सहयोग करें।

राघवेंद्र सिंह, जनसंपर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल