रेलवे का डिजिटल तड़का… अब सुविधा भी ‘ऑनलाइन’ और सेवा भी ‘फुल ऑन’

जम्मू मंडल में विभिन्न रेल सेवाओं के ई-ऑक्शन के परिणाम घोषित

डिजिटल इंडिया को बढ़ावा, रेलवे को बढ़ेगा गैर-किराया राजस्व, यात्रियों को मिलेंगी नई सुविधाएं

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में पारदर्शिता एवं डिजिटल इंडिया को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न वाणिज्यिक पैकेजों के लिए आयोजित ई-ऑक्शन (इलेक्ट्रॉनिक नीलामी) प्रक्रिया के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर वाणिज्यिक आय एवं गैर-किराया राजस्व में वृद्धि करना है, जिससे प्राप्त धनराशि का उपयोग यात्रियों की सुविधाओं के उन्नयन में किया जाएगा।रेलवे प्रशासन ने बताया कि ई-ऑक्शन प्रणाली के माध्यम से जम्मू के स्थानीय व्यापारियों एवं उद्यमियों को रेलवे स्टेशनों पर अपनी सेवाएं उपलब्ध कराने का समान, निष्पक्ष एवं पारदर्शी अवसर मिलेगा।

ट्रेन 13152 में पार्सल स्पेस का ठेका आवंटित

ई-ऑक्शन के अंतर्गत ट्रेन संख्या 13152 में रियर एसएलआर (पार्सल स्पेस) के लिए ठेका आवंटित किया गया है। इससे व्यापारियों को अपना सामान गंतव्य तक अधिक तेज़ी एवं सुरक्षा के साथ भेजने में सुविधा होगी। स्थानीय दुकानदारों व छोटे व्यापारियों के लिए दिल्ली, यूपी, बिहार और पंजाब जैसे राज्यों से सामान मंगवाना एवं भेजना अब अधिक सरल और किफायती होगा।

कटरा स्टेशन पर ?आपातकालीन चिकित्सा कक्ष? की सुविधा

तीर्थयात्रियों एवं यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन पर आपातकालीन चिकित्सा कक्ष स्थापित करने का ठेका भी आवंटित किया गया है। इससे यात्रा के दौरान अचानक बीमार होने वाले यात्रियों को तुरंत डॉक्टर एवं प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

डिजिटल लॉकर सुविधा से यात्रियों को बड़ी राहत

यात्रियों के सामान की सुरक्षित व्यवस्था के लिए कटरा स्टेशन पर अत्याधुनिक डिजिटल लॉकर सुविधा उपलब्ध कराने का ठेका भी ई-ऑक्शन के माध्यम से दिया गया है। इस सुविधा में सेल्फ-सर्विस कियोस्क उपलब्ध होंगे, जहां यात्री बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के स्वयं सामान रख और निकाल सकेंगे। देर रात या तड़के स्टेशन पहुंचने वाले श्रद्धालु अपना सामान स्टेशन पर सुरक्षित छोड़कर सीधे दर्शन हेतु रवाना हो सकेंगे।

बडगाम स्टेशन पर पार्किंग संचालन का ठेका आवंटित

कश्मीर घाटी के बडगाम रेलवे स्टेशन पर वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग संचालन का ठेका भी सफलतापूर्वक आवंटित कर दिया गया है। इससे स्टेशन परिसर के बाहर अनियंत्रित पार्किंग से होने वाला ट्रैफिक जाम कम होगा तथा यात्रियों को छोड़ने एवं लेने आने वाले वाहनों के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इन ई-ऑक्शन प्रक्रियाओं से न केवल रेल राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

ईमानदारी की मिसाल: वंदे भारत में छूटी घड़ी यात्री को लौटाई

यात्री सेवा की एक सराहनीय घटना में जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस में वाशरूम में छूटी यात्री की घड़ी को सुरक्षित लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया। जानकारी के अनुसार दिनांक 15 मई को कोच ई-1 में यात्रा कर रहे एक यात्री अपनी घड़ी वाशरूम में भूल गए थे। ऑन ड्यूटी स्टाफ की नजर घड़ी पर पड़ी तो तुरंत इसकी सूचना ट्रेन अधीक्षक आर. के. मीना को दी गई। ट्रेन में लगातार सार्वजनिक उद्घोषणा कराई गई, जिसके बाद यात्री ने पहचान व प्रमाण प्रस्तुत किया और सत्यापन के बाद घड़ी उसे सौंप दी गई। यात्री ने रेलवे स्टाफ का आभार जताया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का बयान

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार ई-ऑक्शन प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी एवं त्वरित है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और स्थानीय छोटे व्यापारियों के लिए रेलवे से सीधे जुड़ने का मार्ग खुला है। उन्होंने कहा कि कटरा स्टेशन पर आपातकालीन चिकित्सा कक्ष एवं डिजिटल लॉकर जैसी सुविधाएं यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।यह जानकारी राघवेंद्र सिंह, जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल द्वारा दी गई।