श्रमिक दिवस पर उत्कृष्ट रेलकर्मियों का सम्मान, 50 कर्मचारियों को मिला पुरस्कार

फिरोजपुर। श्रमिक दिवस के उपलक्ष्य में 11 मई को उत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन, फिरोजपुर द्वारा रेलवे क्लब, फिरोजपुर में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संगठन की अध्यक्षा डॉ. मोनिशा शर्मा ने विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 50 रेलकर्मियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

सम्मानित कर्मचारियों में इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत कर्षण तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग से जुड़े ट्रैक मेंटेनर, पॉइंट्समैन, खलासी, तकनीशियन सहित अन्य रेलकर्मी शामिल रहे, जिन्होंने अपने कर्तव्यों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मोनिशा शर्मा ने कहा कि श्रमिक दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करना केवल सम्मान नहीं, बल्कि कर्मचारियों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और अथक परिश्रम का प्रतीक है। ऐसे कर्मचारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। महिला कल्याण संगठन रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए सुरक्षित, सहयोगात्मक और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक नितिन गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल सहित महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्षा आकांक्षा गर्ग, सचिव नीलम कुमारी तथा अन्य रेल अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सम्मानित कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया गया।