बादलों और ठंडक के बीच माता रानी के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में वीरवार को मौसम के बदलते मिजाज के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा लगातार जारी रही। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के चलने से श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिली। मौसम सुहावना रहने के कारण यात्रा मार्ग पर श्रद्धालु जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते नजर आए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को कुल 28,300 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन कर यात्रा संपन्न की। वहीं वीरवार को शाम पांच बजे तक करीब 18,000 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण करवाकर भवन की ओर प्रस्थान किया।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहीं। भवन तक हेलिकॉप्टर सेवा नियमित रूप से जारी रही। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने बैटरी कार और रोपवे (केबल कार) सेवा का भी लाभ उठाया।

श्राइन बोर्ड प्रशासन द्वारा सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। सीआरपीएफ, आपदा प्रबंधन दल और श्राइन बोर्ड के अधिकारी व जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं तथा यात्रा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।