मध्य रेल मुंबई मंडल ने अप्रैल 2026 में अर्जित किया ₹570.42 करोड़ का राजस्व, 8% की वृद्धि दर्ज

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल ने अप्रैल 2026 के दौरान मजबूत वित्तीय प्रदर्शन करते हुए कुल ₹570.42 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है। यह अप्रैल 2025 में प्राप्त ₹528.17 करोड़ की तुलना में लगभग 8% अधिक है। इस वृद्धि का प्रमुख कारण कोचिंग, विविध और टिकट चेकिंग क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन रहा।कोचिंग और टिकट चेकिंग से बढ़ी आय अप्रैल 2026 में कोचिंग राजस्व ₹353.06 करोड़ रहा, जो पिछले वर्ष ₹320.60 करोड़ की तुलना में 10.12% अधिक है। अन्य कोचिंग राजस्व में भी 41.26% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई, जो ₹35.63 करोड़ से बढ़कर ₹50.33 करोड़ हो गया।टिकट चेकिंग अभियानों में सख्ती के चलते इस मद में 165.89% की भारी वृद्धि दर्ज की गई और राजस्व ₹16.13 करोड़ तक पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष यह ₹6.07 करोड़ था।गैर-किराया राजस्व में भी बढ़ोतरी गैर-किराया राजस्व में भी मुंबई मंडल ने अच्छा प्रदर्शन किया। अप्रैल 2026 में ₹13.44 करोड़ का विविध राजस्व अर्जित हुआ, जो पिछले वर्ष ₹11.62 करोड़ की तुलना में 15.63% अधिक है। वहीं प्रमुख गैर-किराया राजस्व ₹10.27 करोड़ रहा, जिसमें 32.38% की वृद्धि दर्ज की गई।स्टेशनों और ट्रेनों में विज्ञापन, ईएमयू रेक रैपिंग, वंदे भारत एक्सप्रेस में विज्ञापन अनुबंध, गेमिंग ज़ोन, वेटिंग रूम-कम-कैंटीन, किराना/फोटोकॉपी स्टोर, रिलैक्सेशन मसाज चेयर और ईएमआर सुविधाओं जैसे कई नवाचारों ने इस वृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया।मध्य रेल प्रशासन ने कहा है कि यात्री सेवाओं, परिचालन दक्षता और रचनात्मक वाणिज्यिक पहलों के माध्यम से राजस्व बढ़ाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

डॉ. स्वप्निल नीला मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल