कसारा सेक्शन में विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक, लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित 17 से 22 मई तक प्रतिदिन 2 घंटे रहेगा ब्लॉक, 17 मई को कुछ मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित

कसारा सेक्शन में विशेष ट्रैफिक व पावर ब्लॉक, लोकल सेवाएं रहेंगी प्रभावित

17 से 22 मई तक प्रतिदिन 2 घंटे रहेगा ब्लॉक, 17 मई को कुछ मेल/एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल, मुंबई मंडल द्वारा इगतपुरी-कसारा रेलखंड पर इनफ्रिंजमेंट हटाने के लिए ओएचई (OHE) के प्रारम्भिक कार्य हेतु कसारा क्षेत्र में विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक दिनांक 17 मई 2026 (रविवार) से 22 मई 2026 (शुक्रवार) तक प्रतिदिन दोपहर 15:50 बजे से 17:50 बजे तक दो घंटे के लिए रहेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार 17 मई को इगतपुरी-कसारा सेक्शन की अप व डाउन मेन लाइन तथा मिड लाइन पर ब्लॉक रहेगा, जबकि 18 मई से 22 मई तक अप व डाउन मेन लाइन, मिड लाइन के साथ यार्ड लाइन पर भी ब्लॉक लागू रहेगा। इस दौरान रेल परिचालन पर प्रभाव पड़ेगा।

ब्लॉक के कारण 17 मई को कुछ मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 11071 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बालिया कामायनी एक्सप्रेस, जो लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 13:50 बजे प्रस्थान करने वाली थी, अब रिशेड्यूल होकर 15:30 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 13202 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-राजगीर एक्सप्रेस को अटगांव स्टेशन पर 16:24 बजे से 18:02 बजे तक रेगुलेट किया जाएगा। ट्रेन संख्या 12139 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-नागपुर सेवाग्राम एक्सप्रेस को खडवली में 16:20 बजे से 17:40 बजे तक तथा ट्रेन संख्या 12143 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सुल्तानपुर एक्सप्रेस को टिटवाला में 16:48 बजे से 17:06 बजे तक नियंत्रित रखा जाएगा।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 22221 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस ब्लॉक के बाद चलने वाली पहली ट्रेन होगी और इसे खर्डी स्टेशन पर 17:30 बजे से 17:50 बजे तक रेगुलेट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बनचिंग के कारण ट्रेन संख्या 12173 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रतापगढ़ उद्योगनगरी एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 11001 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-बल्लारशाह नंदीग्राम एक्सप्रेस 10 से 15 मिनट तक विलंबित रह सकती हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार 17 मई से 22 मई तक ब्लॉक अवधि के दौरान आसनगांव और कसारा के बीच उपनगरीय लोकल सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इस दौरान सीएसएमटी-कसारा लोकल N19, N21 और N23 को आसनगांव में ही समाप्त किया जाएगा। वहीं कसारा से सीएसएमटी की ओर चलने वाली लोकल N24, N26 और N28 अब कसारा के स्थान पर आसनगांव से निर्धारित समयानुसार प्रस्थान करेंगी।

रेलवे ने बताया कि ब्लॉक से पहले कसारा के लिए अंतिम लोकल N17 सीएसएमटी-कसारा 12:30 बजे रवाना होगी तथा सीएसएमटी के लिए अंतिम लोकल N22 कसारा-सीएसएमटी 14:42 बजे चलेगी। ब्लॉक के बाद कसारा के लिए पहली लोकल N25 सीएसएमटी-कसारा 16:50 बजे तथा सीएसएमटी के लिए पहली लोकल N30 कसारा-सीएसएमटी 18:17 बजे रवाना होगी।

रेलवे ने स्पष्ट किया कि 18 मई से 22 मई तक मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने बताया कि ये रखरखाव ब्लॉक रेल संरचना की सुरक्षा एवं रखरखाव के लिए आवश्यक हैं। यात्रियों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सहयोग की अपील की गई है।