मध्य रेलवे के प्रतिष्ठित लोकेशन फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद, तीन वर्षों में 2.29 करोड़ रुपये का राजस्व सीएसएमटी और आपटा स्टेशन बने बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय शूटिंग स्थल

मध्य रेलवे के प्रतिष्ठित लोकेशन फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद, तीन वर्षों में 2.29 करोड़ रुपये का राजस्व

सीएसएमटी और आपटा स्टेशन बने बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय शूटिंग स्थल

मुंबई। बॉलीवुड की क्लासिक फिल्मों से लेकर आधुनिक वेब सीरीज और ब्लॉकबस्टर प्रोडक्शन्स तक, मध्य रेलवे (Central Railway) के विभिन्न लोकेशन लगातार फिल्म शूटिंग के लिए देश के सबसे पसंदीदा स्थलों में शामिल रहे हैं। खूबसूरत रेलवे स्टेशन, ऐतिहासिक इमारतें, प्राकृतिक घाट, ग्रामीण परिवेश और ऑपरेशनल रेलवे यार्ड जैसी विविध लोकेशन्स के कारण मध्य रेलवे फिल्म निर्माताओं को यथार्थ, भव्यता और नॉस्टैल्जिया से भरपूर सिनेमाई माहौल उपलब्ध कराता है।

मध्य रेलवे के कई स्टेशन एवं परिसर बाहरी फिल्म शूटिंग के लिए उपयोग किए जाते रहे हैं, जहां ट्रेन, स्टेशन और रेलवे परिसर से जुड़े दृश्य बड़े पैमाने पर फिल्माए गए हैं।

सीएसएमटी बना शूटिंग का सबसे बड़ा आकर्षण

यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) मध्य रेलवे का सबसे प्रमुख और लोकप्रिय शूटिंग डेस्टिनेशन बना हुआ है। यहां स्लमडॉग मिलियनेयर (जय हो गीत), रब ने बना दी जोड़ी, चेन्नई एक्सप्रेस, स्टोनमैन, डर, द लंच बॉक्स और मलयालम फिल्म द ट्रेन सहित कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। इसके अलावा आईपीएल, सनफीस्ट जैसी कई टीवी विज्ञापन फिल्मों की शूटिंग भी यहां की गई है।

महानायक अमिताभ बच्चन ने भी मध्य रेलवे की इनहाउस प्रोडक्शन फिल्म एक सफर रेल के साथ के लिए सीएसएमटी की हेरिटेज बिल्डिंग में शूटिंग की थी।

वाडी बंडर, चौक और उपनगरीय स्टेशन भी रहे चर्चित

वाडी बंडर यार्ड में फिल्म कमीने की 15 दिनों तक शूटिंग हुई, वहीं जब वी मेट और चर्चित वेब सीरीज सेक्रेड गेम्स के कई दृश्य भी यहां फिल्माए गए।

चौक स्टेशन और आसपास के क्षेत्र में सलमान खान की फिल्म दबंग की शूटिंग हुई।

इसके अलावा दादर, सायन, पनवेल, कॉटन ग्रीन, सानपाड़ा जैसे स्टेशनों पर लाइफ इन ए मेट्रो, भावेश जोशी, डोंबिवली फास्ट, दरबार जैसी फिल्मों के दृश्य फिल्माए गए।

पुणे और नागपुर मंडल में भी खूब हुई शूटिंग

पुणे और लोनावला स्टेशनों पर रोबोट, रावण और जब वी मेट जैसी सुपरहिट फिल्मों की शूटिंग हुई। वहीं हाल ही में चर्चित फिल्म लापता लेडीज की शूटिंग पुणे मंडल के बेलापुर, येओला और कन्हेगांव स्टेशनों पर की गई। इन स्टेशनों ने ग्रामीण पृष्ठभूमि वाली कहानी के अनुरूप लोकेशन उपलब्ध कराई।

पुणे मंडल के सतारा जिले के वाथर स्टेशन पर कई फिल्मों की शूटिंग हुई, जिसमें फिल्म गुंडे भी शामिल है। सतारा स्टेशन भी कई प्रोडक्शन्स का शूटिंग स्थल रहा है।

नागपुर मंडल के चंद्रपुर स्टेशन और समीप स्थित कोयला खदान क्षेत्रों का भी कई फिल्मों व सीरीज में उपयोग किया गया।

तीन वर्षों में 30 शूट से 2.29 करोड़ रुपये का राजस्व

मध्य रेलवे ने पिछले तीन वर्षों में लगभग 30 फिल्मों और वेब सीरीज शूटिंग से कुल 2.29 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इसमें वित्त वर्ष 2023-24 में 94.45 लाख, 2024-25 में 40.13 लाख तथा 2025-26 में 94.62 लाख रुपये शामिल हैं।

आपटा स्टेशन बना बॉलीवुड का दूसरा सबसे पसंदीदा लोकेशन

पनवेल-रोहा सेक्शन पर स्थित आपटा रेलवे स्टेशन अब सीएसएमटी के बाद मुंबई क्षेत्र का सबसे पसंदीदा शूटिंग लोकेशन बन चुका है। सह्याद्री की पहाड़ियों से घिरे रायगढ़ जिले में स्थित यह स्टेशन प्राकृतिक सौंदर्य, ग्रामीण परिवेश और पुराने हेरिटेज स्टेशन भवन के कारण खास पहचान रखता है।

आपटा स्टेशन पर दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे, रंग दे बसंती, खाकी, बंटी और बबली, पीके, बागी, बाजार, वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा सहित कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। पिछले तीन वर्षों में आपटा स्टेशन पर हुई शूटिंग से 85.55 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो कुल आय का 37 प्रतिशत से अधिक है।

अनुपम खेर ने साझा की यादें

हाल ही में अभिनेता अनुपम खेर ने फिल्म ?फ्लिकर? की शूटिंग के दौरान आपटा स्टेशन पर पहुंचकर दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे के अंतिम दृश्य की यादें साझा कीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 32 वर्षों बाद उसी स्थान पर खड़े होकर उन्हें लगा मानो समय थम गया हो।

सिंगल विंडो सिस्टम से मिलती है शूटिंग अनुमति

मध्य रेलवे ने फिल्म शूटिंग के लिए अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाते हुए पब्लिक रिलेशंस सेल के माध्यम से सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया है। रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों, निर्धारित शुल्क तथा उपलब्ध ब्लॉक के आधार पर अनुमति प्रदान की जाती है।

मध्य रेलवे ने फिल्म निर्माण संस्थाओं से अपील की है कि वे सीएसएमटी, आपटा, पनवेल, चौक, नेरल, माथेरान, लोनावला, खंडाला, वाथर, सतारा सहित अन्य स्थानों का उपयोग कर वास्तविक आउटडोर शूटिंग लोकेशन का लाभ उठाएं।

यह जानकारी डॉ. स्वप्निल नीला, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी, मध्य रेलवे द्वारा दी गई।