डीआरएम ने जोधपुर-बनाड़ रेलखंड का किया औचक निरीक्षण स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश

डीआरएम ने जोधपुर-बनाड़ रेलखंड का किया औचक निरीक्षण

स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में सुरक्षा एवं संरक्षा मानकों को लेकर मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी ने जोधपुर-बनाड़ रेलखंड का औचक निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ किए गए इस निरीक्षण में डीआरएम ने रेल पटरियों के आसपास की स्वच्छता, स्टेशन व्यवस्थाओं तथा यात्री सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

डीआरएम ने जोधपुर, राईका बाग एवं जोधपुर कैंट स्टेशनों का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे लाइन के किनारे फैली गंदगी पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों द्वारा रेलवे की दीवारों को तोड़े जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दीवारों की मरम्मत कराने तथा दोषियों की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद डीआरएम ने बनाड़ रेलवे स्टेशन का विस्तार से निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन पर फीकी हो चुकी नाम पट्टिकाओं के नवीनीकरण, प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर पेड़ों की कटाई-छंटाई, स्टेशन की दीवारों के रंग-रोगन, पेयजल प्याऊ की स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी व्यवस्था और दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं के बेहतर रख-रखाव के निर्देश दिए। इसके अलावा स्टेशन पर आवश्यक सेवाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) मनोहर सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (लाइन) ललित कुमार सहित कई निरीक्षक एवं सुपरवाइजर मौजूद रहे।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।