हरदोई में भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर के बाद डंपर की चपेट में आए युवक, तीन की मौत

हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के सरेहरी चौराहे के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बांगरमऊ रोड स्थित सरेहरी चौराहे के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार चार लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में घायल युवकों की पहचान बाबू पुत्र शिवनारायण निवासी फतेहपुर पथरौली थाना कासिमपुर, जितेंद्र सिंह निवासी तेरियां भवानीपुर थाना मल्लावां, अनूप पुत्र राजू और पंकज निवासी फतेहपुर पथरौली के रूप में हुई। हादसे में अनूप और पंकज की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाबू और जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बेहंदर भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान बाबू की भी मौत हो गई।
सीओ संडीला संतोष सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हादसे में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।