फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाकर पेंशन निकालने का मामला सामने आया

फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाकर पेंशन निकालने का मामला सामने आया

थाना बिछवां क्षेत्र के नगला देवी निवासी रजनी रानी पत्नी स्वर्गीय भोजराज सिंह ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को शिकायती पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए

एकर- मैनपुरी में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनवाकर पेंशन निकालने का मामला सामने आया है। थाना बिछवां क्षेत्र के नगला देवी निवासी रजनी रानी पत्नी स्वर्गीय भोजराज सिंह ने पुलिस अधीक्षक मैनपुरी को शिकायती पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता रजनी रानी ने बताया कि उनके पति स्वर्गीय भोजराज सिंह की पहली शादी उषा देवी निवासी नगला खजुरी थाना मोहम्मदाबाद जिला फर्रुखाबाद से हुई थी। बाद में दोनों के बीच भरण-पोषण को लेकर लिखित समझौता हो गया था और अलग-अलग रहने लगे थे। इसके बाद भोजराज सिंह ने रजनी रानी से विवाह किया था।

शिकायत के अनुसार 02 अक्टूबर 2021 को भोजराज सिंह की मृत्यु हो गई थी। आरोप है कि पति की मौत के बाद पूर्व पत्नी उषा देवी ने फर्जी तरीके से आधार कार्ड और मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करा लिया। पीड़िता का कहना है कि दिल्ली नगर निगम से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर उसका इस्तेमाल माननीय उच्च न्यायालय प्रयागराज में प्रस्तुत किया गया और उसी के आधार पर पेंशन आदि का लाभ भी लिया गया।

रजनी रानी ने बताया कि जब उन्हें इस मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने दिल्ली नगर निगम के जनसूचना अधिकारी से सूचना मांगी। सूचना में मृत्यु प्रमाण पत्र को फर्जी बताया गया। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़िता का आरोप है कि उषा देवी ने कूट रचित दस्तावेज तैयार कर सरकारी अभिलेखों में हेरफेर की और मृतक भोजराज सिंह के नाम से फर्जी दस्तावेज बनवाए। वहीं रजनी रानी खुद को अपने पति की सर्विस बुक, बैंक खाते और अन्य अभिलेखों में नामित बता रही हैं।

पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा फर्जी आधार कार्ड और फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।