स्प्रिंगफील्ड्स कॉलेज में विद्यार्थी परिषद का गठन, नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ

मुरादाबाद। स्प्रिंगफील्ड्स कॉलेज, मुरादाबाद में 12 मई को विद्यार्थी परिषद का गठन किया गया। इस अवसर पर नव निर्वाचित छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह व सैश पहनाकर सम्मानित किया गया तथा विद्यालय के नियमों के अनुसार विभिन्न पदों पर नियुक्ति की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चरणों में पुष्प अर्पित कर तथा विद्यार्थियों द्वारा वंदना गायन के साथ किया गया। विद्यालय प्रबंधक विपिन जेटली ने विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संबोधन देते हुए परिषद के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. स्वाति शर्मा एवं उप प्रधानाचार्य पूनम अरोड़ा द्वारा नव नियुक्त छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह पहनाकर पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान विद्यार्थियों ने अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर शिवानी शर्मा द्वारा छात्र-छात्राओं को उनके कर्तव्यों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती गुल्तेशा अंसारी व सुश्री संजना शर्मा ने किया।

विद्यालय को चार सदनों अग्नि, आकाश, पृथ्वी एवं वज्र में विभाजित किया गया। अग्नि सदन की अध्यक्ष लवी शर्मा, आकाश सदन के अध्यक्ष विपिन सिंह, पृथ्वी सदन की अध्यक्ष ममता अरोड़ा तथा वज्र सदन की अध्यक्ष सायमा फैसल को नियुक्त किया गया।

कॉलेज कैप्टन (हेड गर्ल) अंकिता शर्मा (कक्षा 12ए) को बनाया गया। साथ ही चारों सदनों के लिए कप्तान, उपकप्तान एवं प्रीफेक्ट नियुक्त किए गए। विभिन्न विभागों के लिए सचिव पदों पर भी विद्यार्थियों का चयन किया गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. स्वाति शर्मा ने चारों हाउस के कप्तानों को हाउस ध्वज प्रदान किए तथा नवगठित परिषद को शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का संदेश दिया।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा नव नियुक्त विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।