अलीगढ़ में स्कीम नंबर-15 के तहत अग्निशमन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान, 163 लोगों को दी गई आग से बचाव की जानकारी

अलीगढ़ में स्कीम नंबर-15 के तहत अग्निशमन विभाग ने चलाया जागरूकता अभियान, 163 लोगों को दी गई आग से बचाव की जानकारी

अलीगढ़। ADG फायर सर्विस मुख्यालय लखनऊ एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार के निर्देशन में जनपद अलीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में आग से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान स्कीम नंबर-15 के अंतर्गत संचालित किया गया।

अभियान के दौरान समस्त अग्निशमन केंद्र प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत कुल 13 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें फायर सर्विस स्टाफ द्वारा 163 व्यक्तियों को आग से बचाव एवं सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

लीडिंग फायरमैन एवं फायरमैन द्वारा झोपड़पट्टी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को लकड़ी के चूल्हे की आग, कुकिंग गैस सिलेंडर/छोटे सिलेंडर से होने वाली आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के उपाय बताए गए। साथ ही ढीले विद्युत तारों, चूल्हे से उठने वाली चिंगारी, गैस पाइप के जीर्ण-क्षीर्ण होने तथा रेगुलेटर में लीकेज के कारण होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं के प्रति सतर्क किया गया।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान लोगों को सलाह दी गई कि भोजन पकाने का स्थान पक्का होना चाहिए तथा गैस सिलेंडर के पास हमेशा एक स्थान पर दो गीले टाट के बोरे रखे जाएं ताकि आग लगने की स्थिति में तुरंत नियंत्रण किया जा सके। अभियान में फायर वॉलिंटियर का भी सहयोग लिया गया।

इस अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा पंपलेट भी वितरित किए गए तथा पंपलेट में दिए गए बिंदुओं को पढ़कर लोगों को आग से बचाव की सावधानियों के बारे में समझाया गया।

अग्निशमन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे आग से संबंधित सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर सर्विस को सूचना दें।

मुकेश कुमार मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अलीगढ़