अप्रैल 2026 में एनएफआर की माल लोडिंग में 8.6% की बढ़ोतरी, 0.972 मिलियन टन दर्ज

गुवाहाटी। कुशल माल परिवहन संचालन और आवश्यक सामग्रियों के समय पर परिवहन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने अप्रैल 2026 में माल लोडिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। एनएफआर ने अप्रैल माह में कुल 0.972 मिलियन टन (एमटी) माल लोडिंग दर्ज की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.6 प्रतिशत अधिक है।

एनएफआर द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में विभिन्न प्रमुख सामग्रियों की लोडिंग में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली। सीमेंट लोडिंग में 329 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। वहीं कोयला लोडिंग में 141.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जिससे ऊर्जा आपूर्ति से जुड़े परिवहन में तेजी स्पष्ट होती है। इसके अलावा डोलोमाइट लोडिंग में 20.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

इसके साथ ही अन्य श्रेणी के अंतर्गत आने वाली विविध सामग्रियों की लोडिंग में भी 190 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी हुई है, जो क्षेत्र में निर्माण और औद्योगिक गतिविधियों में बढ़ते विस्तार की ओर संकेत करती है।

एनएफआर की यह निरंतर बढ़ती माल लोडिंग क्षमता न केवल पूर्वोत्तर एवं आसपास के क्षेत्रों की आर्थिक प्रगति को दर्शाती है, बल्कि इससे क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला मजबूत हुई है और रेलवे के राजस्व में भी महत्वपूर्ण योगदान मिला है।

एनएफआर ने कहा कि आने वाले महीनों में भी माल परिवहन को और अधिक विश्वसनीय व प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी सुधार, परिचालन दक्षता और ग्राहक-केंद्रित सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कपिंजल किशोर शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी