एनएफआर का माल परिवहन में शानदार प्रदर्शन, अप्रैल में 1135 रेक अनलोड कर वित्त वर्ष 2026-27 की मजबूत शुरुआत

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत माल परिवहन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन के साथ की है। अप्रैल 2026 के दौरान एनएफआर ने कुल 1135 माल रेक अनलोड कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की, जिससे ज़ोन की परिचालन क्षमता और आपूर्ति व्यवस्था को नई मजबूती मिली है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल माह में एनएफआर ने खाद्यान्न, खाद्य श्रेणी की वस्तुएं, उर्वरक, चीनी, एसएनटीपी-कोयला, नमक, टैंक समेत अन्य आवश्यक व औद्योगिक सामग्रियों का सुचारू परिवहन सुनिश्चित किया। इन सभी खेपों को ज़ोन के विभिन्न गुड्स शेडों पर कुशलतापूर्वक हैंडल किया गया, जिससे समय पर आपूर्ति और परिचालन विश्वसनीयता में वृद्धि हुई है।

असम में सर्वाधिक 593 रेक अनलोड

एनएफआर के मुताबिक, पूर्वोत्तर राज्यों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए माल परिवहन का बड़ा हिस्सा इन्हीं क्षेत्रों में पहुंचाया गया। असम में 593 रेक अनलोड किए गए, जिनमें से 317 रेक आवश्यक सामग्रियों के थे। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली और रोजमर्रा की आवश्यकताओं की आपूर्ति को मजबूती मिली है।

इसके अलावा त्रिपुरा में 99, नागालैंड में 32, अरुणाचल प्रदेश में 20, मणिपुर में 14 और मिजोरम में 8 रेक अनलोड किए गए।

पश्चिम बंगाल और बिहार में भी मजबूत आपूर्ति

एनएफआर के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत पश्चिम बंगाल में 203 रेक और बिहार में 166 रेक अनलोड किए गए। इनमें आवश्यक और अति-आवश्यक दोनों प्रकार की वस्तुएं शामिल रहीं, जिससे अंतर-क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला और अधिक सुदृढ़ हुई है।

टर्नअराउंड टाइम में सुधार, बढ़ी अनलोडिंग दक्षता

रेलवे प्रशासन ने बताया कि फील्ड इकाइयों की कड़ी निगरानी और बेहतर समन्वय के चलते टर्नअराउंड समय और अनलोडिंग दक्षता में सुधार हुआ है। इसका सीधा लाभ क्षेत्र में विश्वसनीय माल परिवहन संचालन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के रूप में सामने आया है।

एनएफआर का यह प्रयास पूर्वोत्तर क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ सामाजिक-आर्थिक विकास के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

कपिंजल किशोर शर्मा, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, एनएफआर