फिरोजपुर मंडल की नई उपलब्धि: वित्त वर्ष 2026-27 का पहला बासमती रेक रवाना

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 में बासमती चावल का पहला कंटेनर रेक सफलतापूर्वक रवाना कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। मंडल के बिज़नेस डेवलपमेंट यूनिट (बीडीयू) के सतत प्रयासों और विभिन्न हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय के परिणामस्वरूप 4 मई 2026 को 42 कंटेनरों में लदा बासमती चावल का रेक फिल्लौर स्थित CONCOR टर्मिनल से हैदराबाद और चेन्नई के लिए भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, इस रेक के लिए बासमती चावल को तरन तारन, अमृतसर और कोटकपुरा क्षेत्रों से एकत्रित किया गया था। इस पहल से न केवल मंडल के माल यातायात में वृद्धि हुई है, बल्कि रेल राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सड़क मार्ग से होने वाली माल ढुलाई का बड़ा हिस्सा अब रेलवे की ओर स्थानांतरित हो रहा है, जिससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आ रही है और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। रेलवे द्वारा किफायती, समयबद्ध और ?डोर-टू-डोर? सेवा उपलब्ध कराए जाने से व्यापारियों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।

उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर मंडल ने दिसंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच भी फिल्लौर कॉनकॉर टर्मिनल से बासमती चावल के कुल चार कंटेनर रेक सफलतापूर्वक भेजे थे। मंडल के इन सतत प्रयासों से न केवल राजस्व में वृद्धि हो रही है, बल्कि रेलवे के प्रति व्यापारिक समुदाय का विश्वास भी निरंतर बढ़ रहा है।