फिरोजपुर मंडल कार्यालय में लेखा कर्मचारियों के लिए हिंदी कार्यशाला आयोजित

उत्तर रेलवे फिरोजपुर मंडल कार्यालय के सभाकक्ष में दिनांक 29.04.2026 को लेखा शाखा के कर्मचारियों हेतु हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सहायक मंडल वित्त प्रबंधक अश्वनी कुमार एवं वरिष्ठ अनुवादक सुनील ने व्याख्याता के रूप में भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी से संबंधित दिशानिर्देशों की जानकारी दी गई तथा हिंदी को सरकारी कार्यों में अधिकाधिक उपयोग करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही, दैनिक सरकारी कार्य हिंदी में करते समय आने वाली समस्याओं को दूर करने पर भी चर्चा की गई।
इस कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी को प्रभावी रूप से अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।