एनएफआर ने सुरक्षा और कार्यकुशलता बढ़ाने हेतु बुनियादी ढांचे का किया आधुनिकीकरण

एनएफआर ने सुरक्षा और कार्यकुशलता बढ़ाने हेतु बुनियादी ढांचे का किया आधुनिकीकरण

सिग्नलिंग, ट्रैक और यार्ड में तकनीकी सुधार से रेल संचालन होगा अधिक सुरक्षित

मालिगांव। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपने बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। एनएफआर द्वारा विभिन्न मंडलों में सिग्नलिंग, ट्रैक संरचना और यार्ड व्यवस्थाओं को उन्नत कर सुरक्षा एवं कार्यकुशलता बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

मार्च 2026 के दौरान एनएफआर ने कटिहार, अलीपुरद्वार, रंगिया और लुमडिंग मंडलों में कई प्रमुख स्थानों पर रेल सुरक्षा से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया। इनमें विशेष रूप से लेवल क्रॉसिंग गेटों के आधुनिकीकरण, सुरक्षा उपकरणों की स्थापना तथा ट्रैक और सिग्नलिंग प्रणाली में सुधार शामिल है।

रेलवे ने बताया कि इन सुधारों के बाद ट्रेन संचालन में विश्वसनीयता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। साथ ही, यार्ड और स्टेशनों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत किया गया है, जिससे यात्रियों और रेल कर्मचारियों को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी।

एनएफआर के अनुसार यह आधुनिकीकरण अभियान भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है, जिससे रेल नेटवर्क की क्षमता और परिचालन दक्षता में भी वृद्धि होगी।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कहा कि वह यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा सुविधा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।