ग्रीन ऑर्चिड रेजिडेंसी में फायर सेफ्टी को लेकर व्यापक निरीक्षण व प्रशिक्षण, सुरक्षा व्यवस्था हुई और मजबूत

मुरादाबाद। दिल्ली में हुई हालिया घटना को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी एवं एसएसपी मुरादाबाद के निर्देश पर ग्रीन ऑर्चिड रेजिडेंसी में फायर सेफ्टी निरीक्षण एवं अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी बचाव की तैयारी को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय द्वारा किया गया। उनके निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा एवं फायर टीम ने रेजिडेंसी के निवासियों और स्टाफ को अग्नि सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान आग लगने की स्थिति में घबराए बिना सही कदम उठाने, सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

इस अवसर पर मॉक ड्रिल आयोजित कर आपात स्थिति का वास्तविक अभ्यास कराया गया। साथ ही अग्निशमन उपकरणों का प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया गया कि आपदा के समय किस प्रकार इनका सही तरीके से उपयोग किया जाए।

फायर टीम द्वारा पूरी बिल्डिंग में लगे फायर सिस्टम की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्र, हाइड्रेंट, डाउन कमर तथा फायर एक्सटिंग्विशर को चेक किया गया, जो पूरी तरह कार्यशील पाए गए। यह रेजिडेंसी में बेहतर सुरक्षा व्यवस्था का प्रमाण है।

इसके अलावा इमरजेंसी एग्जिट को भी चेक किया गया और उसे पूरी तरह अवरोध मुक्त रखने के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी आपात स्थिति में निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। भवन प्रबंधन को 24 घंटे फायर ऑपरेटर तैनात रखने हेतु भी निर्देशित किया गया जिससे सुरक्षा व्यवस्था निरंतर प्रभावी बनी रहे।

यह कार्यक्रम मुरादाबाद प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की सतर्कता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ग्रीन ऑर्चिड रेजिडेंसी में आयोजित इस निरीक्षण एवं प्रशिक्षण से निवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और आपात स्थितियों से निपटने की तैयारी और अधिक मजबूत हुई है।