हरदोई में सपा नेता व लेखपाल भाई पर शोषण के आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, बोली- चार माह तक पति-पत्नी की तरह रहे, फिर छोड़ा

हरदोई। फर्रुखाबाद निवासी एक महिला ने हरदोई के एक सपा नेता और उसके लेखपाल भाई पर शारीरिक शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता कई दिनों से एसपी कार्यालय के चक्कर लगाकर न्याय की गुहार लगा रही है।
पीड़िता का आरोप है कि गुर्रा निवासी अरुणेश कुमार यादव, जो वर्तमान में लेखपाल पद पर तैनात हैं, के साथ उसका प्रेम संबंध था। इस दौरान अरुणेश ने उससे कई बार शारीरिक संबंध बनाए और 12 दिसंबर 2022 को आर्य समाज मंदिर में शादी भी की। इसके बाद दोनों हरदोई के मोहल्ला सराय थोक में किराए के मकान में करीब चार महीने तक पति-पत्नी की तरह रहे।
पीड़िता के अनुसार, अरुणेश ने परिवार का माहौल ठीक होने तक शादी की बात छिपाने को कहा और उसे मायके जाने का दबाव बनाने लगा। जब उसने इनकार किया तो अरुणेश के बड़े भाई राहुल यादव, जो सपा नेता बताए जा रहे हैं, ने कथित रूप से हस्तक्षेप किया। पीड़िता का आरोप है कि राहुल यादव ने उसे धमकाया और शोषण किया।
महिला का कहना है कि उसने कई बार पंचायत और समझौते की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। बाद में अरुणेश ने उससे दूरी बना ली और पैसे लेकर अलग होने का प्रस्ताव रखा। जब पीड़िता उसके गांव पहुंची तो उसे पता चला कि अरुणेश की शादी 3 मई 2026 को तय है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।