हरदोई में एसपी का एक्शन, लापरवाही पर थानाध्यक्ष को किया निलंबित, सभी को दिए कार्यों में शिथिलता न बरतने के निर्देश

हरदोई। टंडियावां थाना क्षेत्र में कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने इस मामले में विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को ग्राम कोटरा में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि विपक्षी पक्ष की शिकायत के आधार पर पीड़ितों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले में थाना टंडियावां पर मु.अ.सं. 159/26 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया।
इसके अलावा, एक अन्य प्रकरण (मु.अ.सं. 160/26) में भी लापरवाही सामने आई, जिसमें पीड़िता के थाने पहुंचने के बावजूद उसके बयान समय से न्यायालय में दर्ज नहीं कराए गए। इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता बरतें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और इसे अनुशासन बनाए रखने के लिए एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।