प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने कासगंज में एआरटी, एआरएमई व रोलिंग स्टॉक डिपो का किया गहन निरीक्षण, व्यवस्थाएं पाईं संतोषजनक

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर नरेश कुमार ने अपने दौरे के दौरान कासगंज स्थित दुर्घटना राहत ट्रेन (ART), दुर्घटना राहत चिकित्सा यान (ARME) तथा रोलिंग स्टॉक डिपो का देर रात्रि तक विस्तृत एवं गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में रेलवे की तत्परता, उपकरणों की उपलब्धता और रख-रखाव व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करना रहा।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने डिपो में उपलब्ध उपकरणों, अनुरक्षण प्रणाली, कार्यप्रणाली और आपदा प्रबंधन तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने कर्मचारियों से संवाद कर विभिन्न तकनीकी बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की तथा उनकी कार्यशैली का मूल्यांकन भी किया।

निरीक्षण में व्यवस्थाएं एवं अनुरक्षण कार्य संतोषजनक पाए जाने पर नरेश कुमार ने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना राहत से जुड़े संसाधनों का पूर्ण रूप से तैयार और सक्रिय रहना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित की जा सके।

दौरे के दौरान प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर ने रोलिंग स्टॉक डिपो में महिला कक्ष का उद्घाटन भी किया। यह पहल कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की सुविधा एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसके अलावा उन्होंने मान्यता प्राप्त यूनियन द्वारा कर्मचारियों के कार्य निष्पादन में आ रही समस्याओं को भी सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (सवारी एवं माल डिब्बा) शुभम कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) शैलेश कुमार सिंह, सीडीओ कासगंज शिखर दयाल सहित अन्य अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, इज्जतनगर मंडल संजीव शर्मा द्वारा दी गई।