स्मार्ट मीटर की रीडिंग तेज चलने की खबरें भ्रामक, तुलनात्मक जांच में रीडिंग समान पाई गई: मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया 

स्मार्ट मीटर की रीडिंग तेज चलने की खबरें भ्रामक, तुलनात्मक जांच में रीडिंग समान पाई गई: मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया�

मुरादाबाद परिक्षेत्र में 3.42 लाख स्मार्ट मीटर, 12 हजार पुराने चेक मीटर भी लगे

उपभोक्ताओं को घर बैठे रीडिंग देखने, बिल भुगतान और बजट नियंत्रण जैसी सुविधाएं

मुरादाबाद। मुरादाबाद, सम्भल और रामपुर जनपदों में स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही तेज रीडिंग की चर्चाओं पर विद्युत विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि मुरादाबाद परिक्षेत्र में कुल 3,42,773 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही तुलनात्मक परीक्षण के लिए 12,392 पुराने चेक मीटर भी स्थापित छोड़े गए हैं।

मुख्य अभियंता अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि स्मार्ट मीटर और पुराने चेक मीटरों की तुलनात्मक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि दोनों मीटरों की रीडिंग लगभग समान पाई गई है। ऐसे में स्मार्ट मीटर के तेज चलने संबंधी समाचार भ्रामक और निराधार हैं।

स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को मिल रहे कई लाभ

मुख्य अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को कई सुविधाएं मिल रही हैं। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता घर बैठे मीटर की रीडिंग देख सकते हैं और स्वयं ऑनलाइन बिल भुगतान कर सकते हैं।

इसके अलावा बिल बनने में आने वाली समस्याओं से भी उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है। स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ता अपनी दैनिक बिजली खपत पर निगरानी रख सकते हैं, जिससे बजट नियंत्रण संभव हो पा रहा है और अनावश्यक खर्च पर रोक लगाई जा सकती है।

ऑटोमैटिक रीडिंग से खत्म होगी मानवीय गलती

विभाग ने बताया कि स्मार्ट मीटर में ऑटोमैटिक और पारदर्शी रीडिंग सिस्टम होता है, जिससे मीटर रीडर को घर आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे मीटर रीडिंग में होने वाली मानवीय गलतियों की संभावना भी लगभग समाप्त हो जाती है।

प्रीपेड रिचार्ज के बाद 2 घंटे में आपूर्ति चालू

मुख्य अभियंता ने जानकारी दी कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए यह सुविधा भी उपलब्ध है कि रिचार्ज सफल होने के बाद जैसे ही बैलेंस पॉजिटिव होता है, तो सामान्यतः 02 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति स्वतः चालू हो जाती है। इसके लिए किसी कर्मचारी को बुलाने की आवश्यकता नहीं होती।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्मार्ट मीटर को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सही जानकारी के लिए विभागीय माध्यमों से संपर्क करें।