बिजनौर: नूरपुर-मुरादाबाद रोड पर दो ट्रकों की टक्कर, अग्निशमन विभाग ने समय रहते किया सफल रेस्क्यू

बिजनौर। जनपद बिजनौर में रविवार सुबह नूरपुर-मुरादाबाद रोड पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में अग्निशमन विभाग की तत्परता और कुशल रेस्क्यू ऑपरेशन से दो लोगों की जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को सुबह 05:52 बजे अग्निशमन केंद्र बिजनौर को सूचना मिली कि नूरपुर-मुरादाबाद रोड पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई है, जिसमें दो व्यक्ति ट्रक में फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र बिजनौर से रेस्क्यू यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचकर देखा गया कि ट्रक संख्या PB 10 FF9677 और ट्रक संख्या UP 25 CT4280 आपस में टकरा गए थे। हादसे में ट्रक का चालक और परिचालक गंभीर रूप से फंसे हुए थे।

अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों के सहयोग से जेसीबी और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से अत्यंत सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दोनों घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।

इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर कार्यशैली की सराहना की जा रही है। मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया।

इस पूरे रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व और दिशा-निर्देशन मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया।

अग्निशमन विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टला और दो लोगों की जान बच सकी।