कनकपुरा यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग: मई में कई ट्रेनें रद्द, कुछ के बदले जाएंगे रूट

कनकपुरा यार्ड में नॉन इंटरलॉकिंग: मई में कई ट्रेनें रद्द, कुछ के बदले जाएंगे रूट

भोपाल एक्सप्रेस 7 ट्रिप रद्द, लीलन आंशिक रद्द; रानीखेत, मन्नारगुड़ी व शालीमार एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेंगी

जोधपुर। जयपुर मंडल के कनकपुरा रेलवे यार्ड में प्रस्तावित नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते मई माह में जोधपुर मंडल से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनें पूर्ण रूप से रद्द, कुछ आंशिक रूप से रद्द तथा कुछ को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि कनकपुरा यार्ड में ट्रेनों के सुचारू संचालन हेतु लाइन नंबर 3 और 4 के बीच अतिरिक्त क्रॉसओवर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी कार्य के लिए नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया गया है, जिससे रेल संचालन पर असर पड़ेगा।

इन ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित

भोपाल एक्सप्रेस रद्द

ट्रेन संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस जोधपुर से 02 से 04 मई, 07 मई तथा 11 से 13 मई तक कुल 7 ट्रिप रद्द रहेगी।

ट्रेन संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस भोपाल से 03 से 05 मई, 08 मई तथा 12 से 14 मई तक कुल 7 ट्रिप रद्द रहेगी।

लीलन सुपरफास्ट आंशिक रद्द

ट्रेन संख्या 12467/12468 जैसलमेर-जयपुर-जैसलमेर लीलन सुपरफास्ट एक्सप्रेस 04 से 06 मई, 09, 10 मई तथा 12 से 15 मई तक कुल 9 ट्रिप में फुलेरा-जयपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

परिवर्तित मार्ग से चलेंगी ये ट्रेनें

रानीखेत एक्सप्रेस

ट्रेन संख्या 15013 जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस 12 मई को अपने निर्धारित मार्ग फुलेरा-जयपुर-रेवाड़ी के स्थान पर रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन नारनौल, नीमकाथाना और रींगस स्टेशनों पर ठहरेगी।

ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस जो 03 से 08 मई और 12 से 14 मई तक (कुल 9 ट्रिप) काठगोदाम से प्रस्थान करेगी, वह भी अपने निर्धारित मार्ग रेवाड़ी-जयपुर-फुलेरा की जगह रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा के परिवर्तित मार्ग से चलेगी तथा नारनौल, नीमकाथाना और रींगस पर ठहराव करेगी।

मन्नारगुड़ी-जोधपुर सुपरफास्ट

ट्रेन संख्या 22674 मन्नारगुड़ी-जोधपुर साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस जो 04 मई को मन्नारगुड़ी से रवाना होगी, वह अपने निर्धारित मार्ग जयपुर-फुलेरा-डेगाना के बजाय जयपुर-रींगस-चूरू-डेगाना के परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन रींगस, सीकर, चूरू और रतनगढ़ स्टेशनों पर रुकेगी।

शालीमार एक्सप्रेस

ट्रेन संख्या 14662 जम्मूतवी-बाड़मेर शालीमार एक्सप्रेस जो 11 मई को जम्मूतवी से प्रस्थान करेगी, वह अपने निर्धारित मार्ग रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा की जगह रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा के परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन नारनौल, नीमकाथाना और रींगस पर ठहराव करेगी।

यात्रियों से अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी रेलवे वेबसाइट, स्टेशन पूछताछ या हेल्पलाइन के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।