सोजत अब मेहंदी के साथ अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन के लिए भी पहचाना जाएगा

सोजत अब मेहंदी के साथ अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन के लिए भी पहचाना जाएगा

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सोजत रोड स्टेशन की बदल रही तस्वीर

राजस्थान। राजस्थान के पाली जिले में स्थित सोजत रोड रेलवे स्टेशन अब केवल सोजत की विश्व प्रसिद्ध जीआई-टैग मेहंदी के लिए ही नहीं, बल्कि अपने नए और आधुनिक रेलवे स्टेशन स्वरूप के लिए भी पहचाना जाएगा। ऐतिहासिक शहर सोजत से करीब 10 से 15 किलोमीटर दूर स्थित यह स्टेशन क्षेत्र के लिए एक अहम रेल केंद्र है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सोजत रोड स्टेशन पर लगभग 21.20 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को उच्चस्तरीय बनाने के लिए चल रहे कार्यों का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है।

स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर कोटा स्टोन टाइल्स बिछाने का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए 10-बे वाले नए शेल्टर भी तैयार किए गए हैं। वहीं लगभग 11 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य पूरा किया गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म के दोनों छोर पर काउ कैचर्स लगाने का कार्य भी प्रगति पर है।

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 75 वर्ग मीटर का नया वेटिंग हॉल तैयार किया गया है। साथ ही स्टेशन पर नई लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज लगाया जा रहा है, जिसका करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्टेशन पर डिजिटल साइनेज, आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है।

सोजत रोड स्टेशन को पूरी तरह दिव्यांगजन फ्रेंडली बनाया जा रहा है। इसके तहत कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ और समर्पित पार्किंग स्थल का निर्माण पूरा हो चुका है। प्रवेश द्वार पर स्टैंडर्ड रैंप का कार्य भी तेजी से जारी है। स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण भी कराया जा रहा है।

इसके अलावा स्टेशन पर फूड प्लाजा/रिफ्रेशमेंट रूम का निर्माण कार्य लगभग 60 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। पार्किंग क्षेत्र में फेंसिंग और मार्किंग जैसे कार्य भी जल्द पूरे कर लिए जाएंगे।

रेलवे प्रशासन के अनुसार सोजत रोड स्टेशन का पुनर्विकास कार्य अब अंतिम चरण में है और शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं। जल्द ही स्टेशन को अपने नए और आधुनिक स्वरूप में जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

इस परियोजना से न केवल यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।