अम्बाला मंडल ने चलाया विशेष टिकट जांच अभियान, 267 मामले दर्ज, 1.36 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त

अम्बाला। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुगम व सुखद बनाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल का वाणिज्य विभाग लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में दिनांक 25 अप्रैल 2026 को सहायक वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में टिकट जांच स्टाफ द्वारा विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

इस अभियान के दौरान अम्बाला छावनी, सहारनपुर, लालड़ू तथा यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशनों सहित विभिन्न ट्रेनों में सघन जांच की गई। जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध रेलवे नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को होने वाली असुविधा को समाप्त करना और बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना है।

विशेष अभियान के परिणामस्वरूप कुल 267 मामले दर्ज किए गए, जिनसे रेलवे को ₹1,36,105 (एक लाख छत्तीस हजार एक सौ पांच रुपये) का राजस्व प्राप्त हुआ।

अम्बाला मंडल, उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करें ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। साथ ही रेलवे ने बताया कि यात्रियों को RailOne ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी मिल सकता है।

यह जानकारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह द्वारा दी गई।