अम्बाला मण्डल की नई पहल: अनंतनाग के लिए वर्मी कम्पोस्ट की सफल ढुलाई, किसानों को होगा सीधा लाभ

अम्बाला,छोटे स्तर के उद्योगों और लघु व्यापारियों के उत्पादों को बढ़ावा देने तथा परिवहन खर्च कम करने के उद्देश्य से अम्बाला मण्डल का वाणिज्य विभाग लगातार सक्रिय प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में अम्बाला मण्डल द्वारा जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के लिए वर्मी कम्पोस्ट की सफल ढुलाई कर एक नई पहल की गई है।

जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को अम्बाला छावनी माल गोदाम से वर्मी कम्पोस्ट से भरा एक वैगन अनंतनाग के लिए भेजा गया था। इस पहल को आगे बढ़ाते हुए 26 अप्रैल 2026 को एक और वैगन को सफलतापूर्वक अनंतनाग के लिए रवाना किया गया।

अम्बाला मण्डल में इस प्रकार की ढुलाई पहली बार की गई है। यह पहल विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर में सेब बागवानी में उपयोग होने वाले जैविक उर्वरकों की लागत को कम करने में सहायक होगी, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

इसके साथ ही इस प्रयास से भारतीय रेलवे के राजस्व में भी वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। अम्बाला मण्डल का वाणिज्य विभाग भविष्य में भी ऐसे नवाचारपूर्ण कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जा सके और व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिले।

यशनजीत सिंह वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक