एसएमवीडीएनएसएच की 72वीं शासी निकाय बैठक संपन्न, वैश्विक मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशलिटी अस्पताल (एसएमवीडीएनएसएच) की 72वीं शासी निकाय (गवर्निंग बॉडी) बैठक काकरयाल स्थित अस्पताल परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्राइन बोर्ड सदस्य डॉ. के.के. तलवार ने की। बैठक में अस्पताल के विकास, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा वैश्विक स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप रोगी सेवा को और बेहतर बनाने को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में श्राइन बोर्ड सदस्य डॉ. अशोक भान, अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक कुमार मौर्य, पवन शर्मा (एफए/सीएओ, एसएमवीडीएसबी), डॉ. यशपाल शर्मा (कार्यकारी निदेशक/सीएओ, एसएमवीडीआईएमई), वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील नारायण, एनएच के सुविधा निदेशक डॉ. एम.एम. मथावन सहित श्राइन बोर्ड और नारायणा हेल्थ के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में अस्पताल की परिचालन क्षमता को और मजबूत करने, मरीजों को बेहतर सुविधा देने तथा अस्पताल को आधुनिक तकनीक से लैस करने पर विशेष जोर दिया गया। शासी निकाय ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवा संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा और सेवा वितरण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल समाधान अपनाए जाएंगे, जिससे मरीजों को इलाज से जुड़ी सुविधाएं अधिक सहजता से उपलब्ध हो सकें।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले समर्पित एवं उच्च प्रदर्शन करने वाले चिकित्सकीय सलाहकारों को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही डॉक्टरों, नर्सों, तकनीशियनों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के बीच सहयोगात्मक वातावरण तैयार करने पर भी बल दिया गया, ताकि टीमवर्क के माध्यम से मरीजों को समन्वित और बेहतर उपचार मिल सके।

अस्पताल की जांच एवं उपचार सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से शासी निकाय ने उन्नत बायोमेडिकल और डायग्नोस्टिक उपकरणों की खरीद को मंजूरी दी। इस उन्नयन से विशेष रूप से न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी तथा बायो/हिस्टो लैब विभागों में जांच की सटीकता, उपचार की दक्षता और रोगी देखभाल में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद जताई गई।

एसएमवीडीएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने अस्पताल में आधुनिक आईटी आधारित स्वास्थ्य प्रबंधन प्रणाली लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को सेवाओं तक सरल पहुंच देने के लिए पेशेंट केयर एप्लीकेशन और उपयोगकर्ता-अनुकूल सॉफ्टवेयर को लागू किया जाएगा, जिससे अस्पताल का कार्य संचालन अधिक व्यवस्थित और तेज होगा।

बैठक में मरीजों की संख्या बढ़ाने और अस्पताल की आय को स्थिर रखने को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। इसके अलावा वित्तीय संतुलन बनाए रखने के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं से लंबित दावों की वसूली की रणनीतियों की भी समीक्षा की गई।

अध्यक्ष डॉ. के.के. तलवार ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया को योजनाबद्ध तरीके से मजबूत बनाया जाए तथा महंगे उपकरणों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए सीएएमसी (वार्षिक रखरखाव अनुबंध) व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।

बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि अस्पताल प्रबंधन के प्रत्येक क्षेत्र में उच्चतम गुणवत्ता की सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी, साथ ही संचालन लागत में संतुलन रखते हुए मरीजों को आधुनिक और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।