कटड़ा में श्रद्धालुओं का सैलाब, 5 बजे तक 16 हजार ने लिया RFID कार्ड

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में मंगलवार को दिनभर मौसम साफ बना रहा। मौसम अनुकूल रहने से श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और आरामदायक रही। शाम पांच बजे तक करीब 16 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण काउंटरों से आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर मां के दर्शन के लिए भवन की ओर प्रस्थान किया।

सुबह से ही पंजीकरण काउंटरों पर श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही देखने को मिली। श्रद्धालु "जय माता दी" के जयकारे लगाते हुए यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए। मौसम साफ होने के कारण यात्रा मार्ग पर भीड़ के बावजूद व्यवस्था सामान्य बनी रही।

सोमवार को कुल 22,400 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में माथा टेका था। वहीं मंगलवार को भी दिनभर हेलीकॉप्टर, बैटरी कार और रोपवे सेवाएं जारी रहीं, जिससे यात्रियों को सुविधा मिली।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें और निर्धारित मार्ग से ही यात्रा करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारू दर्शन सुनिश्चित हो सके।