23,300 श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए रवाना, यात्रा मार्ग पर व्यवस्था चाक-चौबंद

कटड़ा। मां वैष्णो देवी की पावन यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ लगातार जारी है। रविवार को दिनभर मौसम सामान्य रहने से श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रही।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम 7 बजे तक करीब 23,300 श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं, शनिवार को 32,600 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए थे।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यात्रा मार्ग और भवन परिसर में शुद्ध पेयजल, विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सेवाएं लगातार उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।

श्राइन बोर्ड प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, साफ-सफाई बनाए रखें और पंजीकरण के बाद ही यात्रा शुरू करें, ताकि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुविधाजनक दर्शन मिल सकें।