फिरोजपुर मंडल में 13 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार से किया गया सम्मानित

फिरोजपुर। रेलवे में सुरक्षित रेल संचालन को मजबूत बनाने की दिशा में फिरोजपुर मंडल द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मार्च 2026 एवं अप्रैल 2026 की अवधि के दौरान ड्यूटी के समय समर्पण, सतर्कता और तत्परता दिखाकर रेल संरक्षा सुनिश्चित करने वाले 13 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किया गया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन कर्मचारियों ने ट्रेनों के सुरक्षित संचालन, पटरियों के रखरखाव और यात्रियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी सूझबूझ और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली के कारण संभावित घटनाओं को समय रहते रोका जा सका, जिससे रेल संचालन सुरक्षित बना रहा।

संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित होने वालों में अमित कुमार (तकनीशियन-I),शुभम झा (पॉइंट्समैन),सौरभ सिंह (कनिष्ठ अभियंता),मिंटू कुमार (स्टेशन मास्टर),शेर सिंह (ट्रेन मैनेजर),नीतीश कुमार (पॉइंट्समैन),सोनपाल मीना (स्टेशन मास्टर),हिमांशु सिंह (ट्रेन मैनेजर),सुशांत सिंह (स्टेशन मास्टर),संजीव कुमार वर्मा (पॉइंट्समैन) और रमेश चंद मीना (पॉइंट्समैन) शामिल रहे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि यह सम्मान कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य को सराहने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए दिया गया है। उन्होंने बताया कि ऐसे पुरस्कारों से अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे अधिक सतर्कता के साथ ड्यूटी का पालन करेंगे। मंडल रेल प्रबंधक ने यह भी कहा कि फिरोजपुर मंडल में भविष्य में भी सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और उन्हें और मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी रोहित वर्मा, वरिष्ठ मंडल अभियंता/समन्वय सुमित खुल्लर, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/टीआरडी जीतराम, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गुरुशरण पाठक सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसी उद्देश्य से सजग कर्मचारियों को सम्मानित कर सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है।