टप्पेबाजी गिरोह का भंडाफोड़: तीन गिरफ्तार, आभूषण व नकदी बरामद

गाजियाबाद। थाना मोदीनगर पुलिस ने टप्पेबाजी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक सक्रिय गिरोह के तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीले धातु की एक चेन, दो कुण्डल, दो झुमके तथा 2100 रुपये नकद बरामद किए हैं।

घटना की शुरुआत 14 अप्रैल 2026 को हुई, जब सौन्दा रोड जटवाड़ा बेगमाबाद निवासी सतेन्द्र नेहरा ने थाना मोदीनगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी वृद्ध माता को झांसे में लेकर उनके कानों के कुण्डल गायब कर दिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल धारा 318(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया।

लगातार प्रयासों के बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तीन अभियुक्तों भीम, राजू सोलंकी और परवीन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले स्थानों, जैसे बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाते थे। पहले वे खुद को मददगार बताकर बातचीत में उलझाते और भरोसा जीत लेते थे, फिर किसी बहाने से महिलाओं से उनके आभूषण उतरवा लेते थे।

अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 13 अप्रैल को मोदीनगर बस स्टैंड, 12 अप्रैल को मुरादनगर रेलवे स्टेशन के पास और 30 मार्च को क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में उन्होंने इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया। लूटे गए आभूषणों को वे राह चलते लोगों को बेच देते थे और प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के दो अन्य सदस्य अर्जुन और मनोज अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें विभिन्न थानों में टप्पेबाजी और अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं।