पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 21 शातिर अपराधियों पर कसा शिकंजा


गाजियाबाद। पुलिस द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 21 शातिर अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कदम उठाए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ और पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल के निर्देशन में की गई।

पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 5 अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही 10 अपराधियों पर गुंडा एक्ट के तहत शिकंजा कसा गया, जबकि 6 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन सभी अपराधियों के खिलाफ गाजियाबाद और आसपास के जनपदों के विभिन्न थानों में 154 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

गैंगस्टर एक्ट के तहत जिन अपराधियों पर कार्रवाई की गई, उनमें कोतवाली गाजियाबाद और विजयनगर क्षेत्र के कई कुख्यात नाम शामिल हैं, जो चोरी और अन्य संगीन अपराधों में लिप्त रहे हैं। वहीं हिस्ट्रीशीट खोले गए अपराधियों में नंदग्राम, वेवसिटी और विजयनगर क्षेत्रों के ऐसे अपराधी शामिल हैं, जिनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और जो समाज में असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देते रहे हैं।

गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई में भी नंदग्राम, विजयनगर और सिहानी गेट थाना क्षेत्रों के 10 अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।