गुजरात से 73 लाख से अधिक यात्रियों ने किया वंदे भारत में सफर, 722 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व

अहमदाबाद। भारतीय रेलवे की प्रीमियम सेमी-हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस ने आधुनिक रेल यात्रा को नई पहचान दी है। फरवरी 2019 में एक सेवा से शुरू होकर अब देशभर में वंदे भारत नेटवर्क का विस्तार 162 से अधिक ट्रेनों तक हो चुका है, जो प्रमुख शहरों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा से जोड़ रहा है।

रेलवे के अनुसार गुजरात से संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को यात्रियों का जबरदस्त समर्थन मिला है। 1 अक्टूबर 2022 से 31 मार्च 2026 तक राज्य से चल रही 6 जोड़ी वंदे भारत ट्रेनों में करीब 73 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। इस अवधि में इन ट्रेनों से रेलवे को ₹722 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।

रेल प्रशासन ने बताया कि अहमदाबाद-मुंबई मार्ग पर दोनों वंदे भारत सेवाएं यात्रियों की पहली पसंद बन चुकी हैं। व्यवसायिक, पेशेवर और नियमित यात्रियों द्वारा इनका व्यापक उपयोग किया जा रहा है। कई मार्गों पर यात्रियों की भारी मांग के चलते 140 प्रतिशत तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है, जबकि कुछ ट्रेनों में यह आंकड़ा लगातार 100 प्रतिशत से अधिक रहा है।

गुजरात से संचालित वंदे भारत ट्रेनों की सूची

रेलवे के अनुसार गुजरात से चल रही 6 वंदे भारत ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है?

मुंबई सेंट्रल गांधीनगर वंदे भारत (01 अक्टूबर 2022 से)

साबरमती जोधपुर वंदे भारत (09 जुलाई 2023 से)

अहमदाबाद ओखा वंदे भारत (25 सितंबर 2023 से)

मुंबई सेंट्रल अहमदाबाद वंदे भारत (13 मार्च 2024 से)

साबरमती वेरावल वंदे भारत (27 मई 2025 से)

असारवा उदयपुर वंदे भारत (18 फरवरी 2026 से)

महिलाओं की पहली पसंद बनी वंदे भारत

रेलवे के अनुसार वंदे भारत ट्रेनों में महिलाओं की भागीदारी और प्राथमिकता लगातार बढ़ी है। आरामदायक यात्रा, सुरक्षा और समय की बचत के कारण यह सेवा महिलाओं के बीच भी काफी लोकप्रिय बन गई है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत

?मेक इन इंडिया? पहल के तहत निर्मित वंदे भारत ट्रेनें अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इनमें स्वचालित दरवाजे, जीपीएस आधारित यात्री सूचना प्रणाली, आरामदायक रीक्लाइनिंग सीटें, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, ऑनबोर्ड इन्फोटेनमेंट, सीसीटीवी निगरानी, बायो-वैक्यूम शौचालय, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं तथा अग्निशमन और फायर अलार्म सिस्टम शामिल हैं।

खानपान और सेवाओं में भी बेहतर गुणवत्ता

यात्रियों को ऑनबोर्ड स्वच्छ और ताजा भोजन, क्षेत्रीय स्वाद पर आधारित विविध मेन्यू, प्री-पैक्ड हाइजीनिक सेवा और प्रशिक्षित स्टाफ द्वारा समयबद्ध सुविधा प्रदान की जा रही है।

रेल प्रशासन का कहना है कि बेहतर समयपालन, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों के कारण यात्रियों का भरोसा लगातार बढ़ा है। गुजरात में वंदे भारत ट्रेनों की सफलता भारतीय रेलवे के यात्री-केंद्रित दृष्टिकोण का प्रमाण है और रेलवे भविष्य में भी विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है।