पश्चिम रेलवे-अहमदाबाद मंडल की बड़ी सफलता, ट्रेन में चोरी करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार

अहमदाबाद। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल को बड़ी सफलता मिली है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से सवारी गाड़ी संख्या 22966 में महिला यात्री का कीमती सामान चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार दिनांक 26 अप्रैल 2026 को RPF कंट्रोल/अहमदाबाद से प्राप्त रेल मदद रेफरेंस नंबर 2026042601185 के आधार पर एक महिला यात्री ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला यात्री ने बताया कि आबू रोड से अहमदाबाद के बीच ट्रेन के S/4 कोच की सीट संख्या 01 से उनका काला रंग का लेडीज पर्स चोरी हो गया। पर्स में 02 हाथ घड़ियां, 03 मोबाइल फोन (REALME, MOTOROLA और INFINIX) तथा करीब ₹3000 मूल्य के चांदी के घुंघरू रखे थे।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में निरीक्षक अहमदाबाद के नेतृत्व में गठित CPDS टीम (एएसआई मान सिंह, सीटी अनिल कुमार और सीटी राम अवतार स्वामी) ने गुप्त निगरानी के दौरान सवारी गाड़ी संख्या 22939 ओखा-बिलासपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी के पास से चांदी के घुंघरू, चांदी के तार, आभूषण और अन्य सामग्री बरामद हुई। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके बैग से 02 लेडीज पर्स, 01 छोटा पर्स, 03 हाथ घड़ियां, 04 मोबाइल फोन, ₹2210 नकद तथा आर्टिफिशियल ज्वेलरी भी बरामद की गई।

पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम समीर खान (पुत्र अफजल खान पठान) उम्र 24 वर्ष, निवासी फूलबाड़ी, सूरत (गुजरात) बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने महेसाणा स्टेशन के आसपास ट्रेन संख्या 22966 के S/4 कोच से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और सूरत में उसके खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद वह जेल की सजा भी काट चुका है।

गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए GRP महेसाणा को सुपुर्द कर दिया गया है।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या RPF/GRP को दें।