नए पुलिस बल के साथ एसीपी प्रीता सिंह की खेरागढ़ में पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था परखी

सुमित गर्ग संवाददाता,

खेरागढ़

पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के अनुपालन में एसीपी प्रीता सिंह ने सोमवार शाम कस्बा खेरागढ़ में पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ खेरागढ़ थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।

हाल ही में थाना खेरागढ़ में 33 पुरुष कांस्टेबल और 6 महिला कांस्टेबल की आमद हुई है। एसीपी ने इस नए पुलिस बल के साथ बाजार और प्रमुख मार्गों पर गश्त करते हुए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

गश्त के दौरान एसीपी प्रीता सिंह ने व्यापारियों व स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा संबंधी फीडबैक लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही एसीपी ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाने और रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।