हरदोई में कॉपी-किताब विवाद पर निजी स्कूल में बवाल, प्रिंसिपल पर अभिभावक से अभद्रता के आरोप, वायरल वीडियो में कई बार कहा शट अप

हरदोई। शहर के एसपी तिराहा स्थित एक निजी विद्यालय में कॉपी-किताब खरीद को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आरोपों में बदल गया है। यूकेजी की छात्रा की मां नीलम वर्मा ने स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल पर मनमानी, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार, विद्यालय द्वारा पहले बाहरी दुकान से कोर्स सामग्री खरीदने के लिए कहा गया था, लेकिन बाद में निर्देश बदलते हुए कॉपी-किताब केवल स्कूल से खरीदना अनिवार्य कर दिया गया। इसकी कीमत करीब 1200 रुपये बताई गई। आर्थिक तंगी के चलते जब उन्होंने कुछ समय मांगा तो विवाद बढ़ गया।
नीलम वर्मा का आरोप है कि जब वह इस संबंध में प्रिंसिपल से मिलने पहुंची तो उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। उन्होंने बताया कि प्रिंसिपल ने उन्हें अपमानजनक शब्द कहे और बच्चे का नाम स्कूल से काटने तक की धमकी दी। यह पूरी घटना अन्य अभिभावकों के सामने हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें प्रिंसिपल अभिभावक को डांटते और ?शट अप? कहते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है और शहर में निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली को लेकर बहस तेज हो गई है।
अभिभावकों का आरोप है कि कई निजी स्कूलों में जबरन कॉपी-किताब और अन्य सामग्री स्कूल से ही खरीदने का दबाव बनाया जाता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है।
नीलम वर्मा ने जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले में जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।