हरदोई में सर्राफा व्यापारी से लूट, बाइक सवार चार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम, दो किलो चांदी और 100 ग्राम सोना लेकर फरार

हरदोई। जनपद के कासिमपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए, जहां दो बाइक सवार चार बदमाशों ने एक ज्वैलर्स से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, हसनापुर निवासी मोहम्मद नसीम पुत्र नसीर की घुघेरा चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान है। बुधवार शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जमुनिया बाग और रसूलपुर गांव के बीच दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बदमाशों ने नसीम के साथ मारपीट और छीना-झपटी करते हुए उनका थैला छीन लिया। थैले में करीब दो किलोग्राम चांदी, लगभग 100 ग्राम सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया है।