हरदोई में सोने की मूर्ति के लालच में महिला से दस लाख की ठगी, तमंचे के बल पर रकम छीनने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी 

हरदोई। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में सोने की मूर्ति बेचने के नाम पर महिला से दस लाख रुपये की ठगी और तमंचे के बल पर रकम छीनने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
शाहजहांपुर जिले के मोहल्ला अहमदपुर रेती निवासी दिन्नी देवी पत्नी स्वर्गीय स्वतंत्रपाल सिंह के अनुसार, उनकी पुत्री उजाला सिंह मायके आई हुई थी। इसी दौरान मकान निर्माण में मजदूरी करने आए दो मजदूर राजा और रहीस ने 18 जून को फोन कर बताया कि उन्हें खुदाई के दौरान सोने की एक मूर्ति मिली है, जिसे वे सस्ते दामों में बेचना चाहते हैं।
आरोप है कि विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने मूर्ति से बुरादा निकालकर जांच के लिए दिया, जो सोना निकला। इसके बाद दिन्नी देवी अपनी पुत्री के साथ जेवर गिरवी रखकर दस लाख रुपये की व्यवस्था कर 19 जून को शाहाबाद क्षेत्र के हर्रई मार्ग पर पहुंची। वहां उन्होंने पूरी मूर्ति की जांच कराने के बाद रुपये देने की बात कही।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान दोनों आरोपियों ने तमंचा दिखाकर उनकी पुत्री के हाथ में रखा दस लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना शाहाबाद में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।