मुरादाबाद: पाकबड़ा के कैलसा रोड स्थित स्क्रैप यार्ड में लगी आग पर अग्निशमन विभाग ने पाया काबू, बड़ा हादसा टला

मुरादाबाद। पाकबड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलसा रोड पर स्थित एक स्क्रैप यार्ड में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आग पर समय रहते काबू पा लिया। फायर कर्मियों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, जैसे ही स्क्रैप यार्ड में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को मिली, तत्काल प्रभाव से दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुरादाबाद के अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा भी तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की कमान संभाली।

अग्निशमन विभाग की टीम ने तीन फायर टेंडर वाहनों की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत और बेहतर रणनीति के साथ टीम ने कुछ ही समय में आग को नियंत्रित कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में आग फैलने का खतरा टल गया।

स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग की तेज और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से स्क्रैप यार्ड और आसपास के इलाकों में बड़ा नुकसान होने से बच गया।

अग्निशमन विभाग की सतर्कता और कुशल कार्यशैली के चलते यह घटना बिना किसी जनहानि के समाप्त हुई, जो विभाग की तैयारियों और जिम्मेदारी को दर्शाता है।