उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ का भीलड़ी–समदड़ी–लूणी–जोधपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ का भीलड़ी?समदड़ी?लूणी?जोधपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण

11 घंटे तक स्टेशनों व सेक्शनों पर विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने गुरुवार को जोधपुर मंडल के भीलड़ी समदड़ी लूणी जोधपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। करीब 11 घंटे चले इस दौरे के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों एवं रेल सेक्शनों पर चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, संरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने भीलड़ी से जोधपुर तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलखंड की संरक्षा और परिचालन व्यवस्था का भी अवलोकन किया।

ओढ़वा स्टेशन पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण

महाप्रबंधक ने ओढ़वा स्टेशन का दौरा कर स्टेशन अधीक्षक कार्यालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने रेल सुविधाओं से संबंधित मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।

धनेरा स्टेशन पर अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन

धनेरा स्टेशन पर महाप्रबंधक ने नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन किया। साथ ही स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, प्रतीक्षालय एवं निर्माणाधीन स्टेशन भवन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए रेल सेवाओं से जुड़ी मांगों को लेकर ज्ञापन प्रस्तुत किया। महाप्रबंधक ने अधिकारियों के साथ परिसर में पौधारोपण भी किया।

मारवाड़ भीनमाल स्टेशन पर अमृत भारत योजना के कार्यों की समीक्षा

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित मारवाड़ भीनमाल स्टेशन पर महाप्रबंधक ने कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। स्टेशन परिसर में संरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से संरक्षा संवाद आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने रेलकर्मियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर रेल संचालन के लिए प्रेरित किया। कर्मचारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया गया। इसी दौरान नवनिर्मित अधिकारी विश्राम गृह का उद्घाटन भी किया गया।

निर्माणाधीन ब्रिज और स्टेशन भवनों का निरीक्षण

इसके बाद महाप्रबंधक ने भीनमाल लेदरमेर सेक्शन में निर्माणाधीन ब्रिज संख्या 72 का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। मोदरान स्टेशन पर नव निर्मित स्टेशन भवन का अवलोकन करते हुए उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यहां स्थानीय संगठनों एवं ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया तथा रेल मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।

जालौर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का जायजा

जालौर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, प्रतीक्षालय एवं फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए।

गेटमैन और गैंग को मिला प्रोत्साहन

बालवाड़ा?मोकलसर सेक्शन में स्थित गेट संख्या सी-24 पर निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने गेटमैन सुखराम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही गैंग नंबर 5 के कार्यों का निरीक्षण कर कर्मचारियों से संवाद किया और उन्हें 20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

समदड़ी स्टेशन का भी निरीक्षण

इसके बाद महाप्रबंधक ने समदड़ी स्टेशन पर भी पहुंचकर स्टेशन की व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं और परिचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक अतुल सक्सेना, प्रमुख मुख्य दूरसंचार इंजीनियर अनुराग गोयल, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. के. कृष्ण कुमार, प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी संतराम मीणा, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक सीमा शर्मा, मुख्य कार्मिक अधिकारी विनोद कुमार, प्रमुख मुख्य इंजीनियर जोगेंद्र सिंह, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक मदन देवड़ा, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव सहित अनेक विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि रेलवे द्वारा संरक्षा, यात्री सुविधा और आधारभूत विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा सभी परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा।