यूपी होमगार्ड परीक्षा के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष तैयारी 10 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, ट्रेनों का विस्तार और अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती

यूपी होमगार्ड परीक्षा के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष तैयारी

10 स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, ट्रेनों का विस्तार और अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती

वार रूम से होगी लगातार निगरानी, भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित यूपी होमगार्ड परीक्षा?2026 के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने व्यापक स्तर पर विशेष तैयारियां की हैं। यह परीक्षा 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जा रही है। यात्रियों और परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा विभिन्न दिशाओं में एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

मंडल प्रशासन ने परीक्षा के तीनों दिनों में प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। आवश्यकता पड़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे तथा कुछ ट्रेनों का रूट एक्सटेंशन भी किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार परीक्षार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्टेशन जैसे प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला, इटावा, मैनपुरी आदि पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यात्रियों की सहायता के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तैनात किया गया है। स्टेशन परिसरों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और मंडल स्तर पर बनाए गए वार रूम से सभी स्टेशनों की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

प्रयागराज मंडल क्षेत्र में कुल 10 विशेष ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है, जो 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को विभिन्न रूटों पर चलाई जाएंगी। रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों के रेक भी मंडल में तैयार रखे गए हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत संचालन किया जा सके।

इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार गाड़ी संख्या 51901/51902, 51903/51904 और 51905/51906 में कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ मेमू ट्रेनों का विस्तार भी किया जाएगा। 64594 कानपुर-फतेहपुर मेमू को सूबेदारगंज तक, 64604 इटावा-कानपुर मेमू को लखनऊ तक, 64584 दिल्ली-टूंडला मेमू को गोविंदपुरी तक तथा 64623 आगरा-मैनपुरी मेमू को फर्रुखाबाद तक विस्तारित किया जाएगा।

रेलवे ने बताया कि स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ, पूछताछ काउंटर, उद्घोषणा प्रणाली, हेल्प डेस्क के साथ-साथ आरपीएफ एवं जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी।

प्रयागराज मंडल ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से स्टेशन पहुंचें, वैध टिकट लेकर यात्रा करें और रेलवे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। रेलवे का प्रयास है कि सभी परीक्षार्थियों को समयबद्ध, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

अमित कुमार सिंह जनसम्पर्क अधिकारी प्रयागराज मंडल