रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2026 शुरू, यात्रियों को मिलेगा इनाम जीतने का मौका

रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2026 शुरू, यात्रियों को मिलेगा इनाम जीतने का मौका

रेल यात्रा के अनुभव साझा करें, 10 हजार तक का पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र

जयपुर। रेलवे मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा यात्रियों से रेल यात्रा के अनुभव प्राप्त कर सुविधाओं में सुधार लाने के उद्देश्य से रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2026 शुरू की गई है। इस योजना में रेलकर्मियों सहित आम नागरिक भी भाग ले सकते हैं। योजना का उद्देश्य यात्रियों के अनुभवों के आधार पर रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाना और साथ ही हिंदी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देना है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा सभी भारतीय नागरिकों के लिए हिंदी भाषा में रेल यात्रा वृत्तांत आमंत्रित किए जा रहे हैं। चयनित सर्वोत्तम यात्रा वृत्तांतों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

रेलवे द्वारा घोषित पुरस्कारों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 10,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 8,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 6,000 रुपये तथा पांच प्रेरणा पुरस्कार के रूप में 4,000 रुपये (प्रत्येक) दिए जाएंगे।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रा वृत्तांत हिंदी भाषा में मौलिक होना चाहिए। इसके लिए न्यूनतम 3000 शब्द और अधिकतम 3500 शब्द की सीमा तय की गई है। वृत्तांत डबल स्पेस में टाइप होना चाहिए तथा चारों तरफ कम से कम एक इंच का हाशिया छोड़ना अनिवार्य होगा। साथ ही पृष्ठ संख्या और कुल शब्द संख्या भी स्पष्ट रूप से लिखनी होगी।

प्रतिभागियों को यात्रा वृत्तांत के साथ एक अलग पृष्ठ पर अपना नाम, पदनाम, आयु, पता, मातृभाषा, मोबाइल नंबर और ई-मेल भेजना आवश्यक होगा। इसके अलावा केंद्र या राज्य सरकार के कार्यरत कर्मचारियों को घोषणा पत्र भी देना होगा कि उनके विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक मामला लंबित नहीं है। सभी प्रतिभागियों को यह भी घोषित करना होगा कि संबंधित यात्रा वृत्तांत उनकी मौलिक रचना है और इसे किसी अन्य पुरस्कार योजना में पहले पुरस्कृत नहीं किया गया है।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टि दो प्रतियों में 31 जुलाई 2026 तक इस पते पर भेज सकते हैं?

सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या 316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली-110002।

रेलवे ने यात्रियों और रेलकर्मियों से अपील की है कि वे इस योजना में अधिक से अधिक भाग लेकर अपने यात्रा अनुभव साझा करें और पुरस्कार जीतने का अवसर प्राप्त करें।