मुरादाबाद में अस्पतालों व नर्सिंग होम्स का फायर ऑडिट, निकासी व्यवस्था की हुई जांच

मुरादाबाद में अस्पतालों व नर्सिंग होम्स का फायर ऑडिट, निकासी व्यवस्था की हुई जांच

अग्निशमन विभाग ने चलाया लगातार चेकिंग अभियान, कर्मचारियों को दी सुरक्षा प्रशिक्षण

मुरादाबाद। जनपद में अस्पतालों और नर्सिंग होम्स में आग से बचाव एवं आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी को लेकर अग्निशमन विभाग द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 22 अप्रैल को महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के आदेश से जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुरादाबाद के आदेशानुसार चलाया गया।

यह अभियान मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा द्वारा स्कीम नंबर-03 के तहत संचालित किया गया। अभियान में प्रभारी अग्निशमन केंद्र मुरादाबाद, कटघर, ठाकुरद्वारा, बिलारी एवं कांठ की टीमों ने जिले के विभिन्न अस्पतालों और नर्सिंग होम्स में फायर ऑडिट एवं इवैकुएशन व्यवस्था की गहन जांच की।

अग्निशमन विभाग ने अस्पताल संचालकों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरण जैसे फायर एक्सटिंग्विशर, होज पाइप, अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट आदि सदैव कार्यशील स्थिति में रखें और समय-समय पर उनका रखरखाव कराते रहें।

इसके साथ ही स्टाफ को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, मरीजों की सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों के बारे में जागरूक किया गया। मौके पर उपस्थित लोगों को आग से बचाव के आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

अग्निशमन विभाग द्वारा जिन अस्पतालों व नर्सिंग होम्स का निरीक्षण किया गया, उनमें शामिल हैं?

लाइफ केयर सेंटर, कुंदरकी

हॉलिस्टिक हॉस्पिटल, कुंदरकी

जनता क्लिनिक, कांठ

दिल्ली नर्सिंग होम, कांठ

जनता हॉस्पिटल, मुरादाबाद

स्काई हॉस्पिटल, मुरादाबाद

साईं हॉस्पिटल, मुरादाबाद

दत्ता चिल्ड्रन हॉस्पिटल, मुरादाबाद

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिले में अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों और कर्मचारियों की जान की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा सके।

अग्निशमन विभाग की यह पहल जनपद में स्वास्थ्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।