गीतिका पाण्डेय रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (योजना) नियुक्त, उत्तर पश्चिम रेलवे ने दी भावभीनी विदाई

गीतिका पाण्डेय रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (योजना) नियुक्त, उत्तर पश्चिम रेलवे ने दी भावभीनी विदाई

प्रधान वित्त सलाहकार पद से कार्यमुक्त होकर लेवल-16 में मिली नई जिम्मेदारी

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे की प्रधान वित्त सलाहकार (पीएफए) गीतिका पाण्डेय को रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (योजना) के पद पर नियुक्त किया गया है। लेवल-16 में पदोन्नति के साथ उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रधान वित्त सलाहकार पद से कार्यमुक्त होने के बाद अब वे रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (योजना) के रूप में कार्यभार संभालेंगी।

इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा उनके सम्मान में एक भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह के दौरान उनके कार्यकाल में किए गए प्रभावशाली नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता तथा रेलवे लेखा प्रणाली के आधुनिकीकरण में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।

बताया गया कि गीतिका पाण्डेय के कार्यकाल के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे में इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए तथा बजट और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित किया गया।

विदाई समारोह में रेलकर्मियों ने उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में गीतिका पाण्डेय ने उत्तर पश्चिम रेलवे की टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि लेखा विभाग की उपलब्धियां सामूहिक प्रयास और आपसी सहयोग का परिणाम हैं। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए सभी का धन्यवाद किया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेलवे लेखा सेवा (आईआरएएस) की वरिष्ठ अधिकारी गीतिका पाण्डेय ने उत्तर पश्चिम रेलवे में उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं। इससे पूर्व वे भारतीय रेलवे के विभिन्न जोन में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं। वह जोधपुर मंडल की पहली महिला मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) भी रही हैं। उनके कार्यकाल में बेहतर कार्य निष्पादन, नवाचार, कर्मचारी कल्याण और उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यप्रणाली के लिए उन्हें विशेष पहचान मिली।