वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1 ग्राम हेरोइन के साथ युवक गिरफ्तार

कटरा। माता वैष्णो देवी के पवित्र यात्रा मार्ग पर नशे के खिलाफ रियासी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अधकुवारी नाके से एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक के कब्जे से 01 ग्राम हेरोइन बरामद की है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार रियासी पुलिस की टीम अधकुवारी क्षेत्र में जी मैक्स प्रीपेड काउंटर के पास नाका चेकिंग एवं तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 01 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए युवक की पहचान रॉबिन चंदर पुत्र ज्ञान चंद निवासी कोथिलैर, तहसील पंचारी, जिला उधमपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत FIR संख्या 16/2026 दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशा कहां से लाया था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह ऑपरेशन पुलिस स्टेशन भवन के इंस्पेक्टर प्रमोद सिंह बज्जू की देखरेख में तथा डीएसपी भवन महेश शर्मा और एसपी कटरा कामेश्वर पुरी की निगरानी में चलाया गया।

रियासी के एसएसपी मुकुंद टिबरेवाल ने कहा कि समाज से नशे की बुराई को खत्म करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनता से अपील की कि नशीले पदार्थों की तस्करी और नशे के दुरुपयोग से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर पुलिस को तुरंत सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।