लुधियाना रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की महाप्रबंधक ने की समीक्षा, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिया जोर

लुधियाना। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडेय ने 20 अप्रैल को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

महाप्रबंधक ने कहा कि लुधियाना रेलवे स्टेशन की पुनर्विकास परियोजना यात्रियों की सुविधाओं को नए आयाम प्रदान करेगी। परियोजना के अंतर्गत स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी तथा आकर्षक स्टेशन परिसर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध वर्तमान यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने वेटिंग हॉल का निरीक्षण किया तथा यात्रियों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए होल्डिंग एरिया का भी अवलोकन किया। महाप्रबंधक ने कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और यात्री सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इसके अलावा महाप्रबंधक राजेश पांडेय ने फिरोजपुर मंडल के लुधियाना-साहनेवाल रेलखंड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेल सेवाएं सुरक्षित, समयबद्ध और सुचारू रूप से संचालित होती रहनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार, मुख्य परियोजना प्रबंधक/निर्माण अजय वार्ष्णेय सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।