ट्रेन के आगे कूदे युवक की तत्परता से बची जान, आरपीएफ को सौंपा गया

लुधियाना। ट्रेन संख्या 14542 के लुधियाना से चलने के तुरंत बाद एक युवक ने अचानक ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना के समय यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद रेलकर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए युवक को बचाने का प्रयास शुरू किया।

इस दौरान चेकिंग स्टाफ अमृतसर दिनेश शर्मा ने यात्रियों की मदद से युवक को ट्रेन के आगे से सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते की गई कार्रवाई से युवक की जान बच गई। घटना के समय मौके पर जीआरपी के रणजीत सिंह एवं गार्ड भी उपस्थित थे।

युवक को सुरक्षित निकालने के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कर्मियों को सौंप दिया गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने समय पर मदद करने वाले कर्मचारियों और यात्रियों की तत्परता की सराहना की है।